उन्होंने कहा कि राज्य में अब हर तरफ शांति है। हम दोनों जगहों (नालंदा और रोहतास) की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। प्रशासन असफल नहीं हुआ था बल्कि कुछ लोगों ने साजिश के तहत जानबूझकर हिंसा फैलाई है। उन्होंने कहा कि आपको तो इतिहास पता ही है ना? इसी कारण से श्रद्धेय अटल जी नाराज रहा करते थे। बता दें, उनका इशारा गुजरात में हुई हिंसा की तरफ था। इस हिंसा में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगे थे।
AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर नीतीश कुमार ने कहा कि ओवैसी केंद्र में सत्ताधारी दल का एजेंट है। वह कहां का रहने वाला है। उसकी कितनी खबर छपती है। हमसे तो मिलना चाहते थे लेकिन हमने मना कर दिया। वहीं राज्यसभा सांसद सुशील मोदी के बयानों पर नीतीश कुमार ने कहा कि सुशील मोदी को तो बोलना ही है, नहीं बोलेंगे तो उनको निकाल दिया जाएगा। उन्हें भी तो अपना देखना पड़ेगा।
नीतीश कुमार ने कहा- जल्द सच्चाई सामने आएगा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सभी अधिकारी लगे हुए हैं। हर एक घर में जांच की जा रही है। कुछ दिन बाद सब पता चल जाएगा। यह दंगा जानबुझकर किया गया है। बिहारशरीफ में जो धंधा किया है, वो सब कुछ दिन बाद पता चल जाएगा। हम कुछ ही दिन में खुलासा करेंगे। फिर आप देखेंगे कि कौन इसके पीछे था। उन्होंने कहा कि हम काम करते हैं लेकिन हमारी खबर तो सिर्फ बिहार में ही छपती है। वो कुछ नहीं करते लेकिन हर जगह छपती है।