मंगलवार का मैच मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपरजाइंट्स दोनों के लिए प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने के लिए अहम था। ये 2 अंक दोनों टीमों के लिए बेहद जरूरी थे। इसके लिए दोनों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली थी। मुंबई अब पॉइंट्स टेबल में चौथे और लखनऊ जीत के साथ तीसरे नंबर पर है। लखनऊ की ओर से मार्कस स्टोइनिस ने सबसे ज्यादा नाबाद 89 रन बनाए। इसके साथ ही कप्तान क्रुणाल पंड्या ने 49 रन की पारी खेली। मुंबई की ओर से जेसन बेहरेनडॉर्फ ने दो विकेट लिए।
ईशान किशन का अर्धशतक
मुंबई की लखनऊ में शुरुआत अच्छी रही। ईशान किशन और कप्तान रोहित शर्मा ने अच्छी साझेदारी खेली। ईशान और रोहित के बीच 90 रन की पार्टनरशिप हुई। ईशान ने अर्धशतक लगाया। हालांकि बड़े शॉट्स के चक्कर में रोहित शर्मा ने 90 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवा दिया। रोहित शर्मा ने 25 गेंदों में 37 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 3 छक्के और 1 चौका लगाया। रवि बिश्नोई ने उन्हें दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया। ईशान किशन ने शानदार खेल से 59 रन बनाए। उन्होंने ये रन 39 गेंदों में बनाए। ईशान ने 1 छक्का और 8 चौके लगाए।
सूर्यकुमार यादव ने 9 गेंदों का सामना किया और 7 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। यश ठाकुर की गेंद पर रिवर्स स्वीप शॉट मारने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। नेहल वढेरा ने 20 गेंदों में 16 रन बनाए। जबकि टिम डेविड ने 19 गेंदों में 32 रन बनाए और नाबाद रहे। उन्होंने 3 छक्के लगाए। विष्णु विनोद ने 2 रन पर अपना विकेट गंवाया। कैमरून ग्रीन 4 रन बनाकर नाबाद रहे।